बोकारोः उपायुक्त विजया जाधव ने बुधवार को जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक की. मौके पर सिविल सर्जन (सीएस) डा. ए बी प्रसाद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (डीएसडब्ल्यूडी) डा. सुमन गुप्ता, सभी प्रखंडों के प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी (एमओआइसी), सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी दीपक कुमार, सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ेः बोकारो जिले के 28 विद्यालय के प्रधानाध्यापकों को डीईओ ने किया शोकॉज, 03 दिनों में जवाब समर्पित करने का दिया निर्देश
उपायुक्त ने समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं का एएनसी निबंधन,एएनसी जांच, हेमोग्लोबिन जांच, कैल्सियम, अल्मेंडाजोल, फोलिक एसिड की दवाओं के वितरण, पोस्टपारटम चेकअप, फैमली प्लानिंग, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (जेएसएसके) के तहत मां और बच्चों का उचित देखभाल – भोजन उपलब्ध कराने में लक्ष्य अनुरूप प्रदर्शन नहीं होने पर संबंधित सभी पदाधिकारियो को शोकॉज किया एवं अगले आदेश तक उनके वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने निगरानी और अपने स्तर पर समीक्षा बैठक नहीं करने,क्षेत्र भ्रमण नहीं करने को लेकर सिविल सर्जन एवं डीपीएम का वेतन रोकने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने सभी को प्रदर्शन में अविलंब सुधार लाने को कहा. उन्होंने प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों को अपने प्रखंड मुख्यालय में ही आवासन करने का निर्देश दिया. वहीं एमओआइसी को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की निगरानी करते हुए लक्ष्य अनुरूप प्रदर्शन का निर्देश दिया.


















































