जमशेदपुर: बर्मामाइंस की विनोबा आश्रम, सिद्धू कानू बस्ती और विनोबा बस्ती में लोग लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे थे। यहाँ केवल टैंकर और अस्थायी साधनों से पानी की आपूर्ति होती थी, जबकि स्थायी कनेक्शन कभी नहीं मिला
पूर्वी के पूर्व विधायक व वर्तमान पश्चिमी विधायक सरयू राय ने पिछले साल ही टाटा स्टील यूएआईएसएल प्रबंधन को पत्र लिखकर कई बस्तियों—जिनमें दास बस्ती और कोयला ताल बस्ती भी शामिल हैं—में जलापूर्ति की सिफारिश की थी। बावजूद इसके ठोस कदम नहीं उठाया गया।
बीते हफ्ते जद (यू) की ओर से बस्तीवासियों के साथ बैठक हुई। इसमें नेताओं ने साफ चेतावनी दी कि अगर जल्द पेयजल कनेक्शन नहीं दिया गया तो पार्टी आंदोलन करेगी।


चेतावनी और सरयू राय के दबाव के बाद आखिरकार टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (TSUISL) हरकत में आया। बुधवार को कंपनी की टीम ने जद (यू) नेताओं और जुस्को अधिकारियों की मौजूदगी में बस्तियों का सर्वे किया और कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
जद (यू) जिला उपाध्यक्ष दुर्गा राव और बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अध्यक्ष बबलू कुमार ने कहा कि यह सिर्फ पानी का मुद्दा नहीं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा प्रश्न है। स्वच्छ पेयजल हर नागरिक का अधिकार है। उन्होंने दोहराया कि यदि कनेक्शन समय पर उपलब्ध नहीं कराया गया तो पार्टी आंदोलन का रास्ता फिर अपनाएगी।
इसे भी पढ़ें : Saraikela: सरायकेला और चांडिल में बालू घाटों की नीलामी शुरू, आवेदन 15 सितंबर तक