मुख्यमंत्री ग्रामीण सुदृढ़ीकरण योजना मद से बननी थी सड़क
जादूगोड़ा : मुख्यमंत्री ग्रामीण सुदृढ़ीकरण योजना मद से स्वीकृत करोड़ो रुपये लागत से बनने वाली सड़क शिलान्यास के एक साल बाद भी कुमीरमुढ़ी से गाजीडीह के बीच अटकी हुई है। इधर मुसाबनी प्रखंड प्रमुख रामदेव हेम्ब्रम ने मामले को संज्ञान लेते हुए ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल जमशेदपुर को चेतावनी दी है की इस सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू करे, अन्यथा उन्होंने जादूगोड़ा-मुसावनी सड़क जाम करने की चेतावनी दी। इस बाबत मुसाबनी प्रखंड प्रमुख रामदेव हेंब्रम ने कहा कि बीते 6 अप्रैल 2025 को जादूगोड़ा-मुसावनी मुख्य (कुमीरमूढ़ी से गाजीडीह तक) का शिलान्यास झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री दिवंगत रामदास सोरेन द्वारा की गई थी।

लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी सड़क अधूरी व जर्जर है। पत्थर बाहर निकल गए हैं। संवेदक द्वारा कई जगहों पर गड्ढे खोद दिए गए हैं। पानी होते ही गडढे में पानी भर जाता है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने ग्रामीण कार्य प्रमंडल जमशेदपुर से इस सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की। इस संबंध में घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी को भी अवगत करा दिया गया है।















































