गुवा : झारखंड मजदूर संघर्ष संघ कार्यालय में संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे की अध्यक्षता में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके द्वारा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा, समानता और अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा दी और भारतीय समाज को एक मजबूत संवैधानिक आधार प्रदान किया। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता और न्याय स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि वे उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखें। इस मौके पर संघ के महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, राजेश यादव, रोहित पांडे, पदमा केसरी, पार्वती देवी, कमल मोदी, रितेश पाणीग्राही सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
इसे भी पढें : Gua : सनलाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल का वार्षिक समारोह धूमधाम से संपन्न
There is no ads to display, Please add some



















































