- घाटशिला के खुटलूडीह निवासी जेवियर खेस 19 अक्टूबर से गायब, जांच में जुटा अस्पताल प्रशासन
जमशेदपुर : मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल से एक 19 वर्षीय मरीज के लापता होने का मामला सामने आया है। घाटशिला के खुटलूडीह निवासी जेवियर खेस चार दिनों से लापता है। बुधवार को यह मामला तब उजागर हुआ जब उसके परिजन और घाटशिला थाना पुलिस उसकी तलाश करते हुए एमजीएम अस्पताल पहुंचे। जानकारी के अनुसार, जेवियर को 19 अक्टूबर को 108 एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया था। अस्पताल पहुंचने के बाद उसका पर्चा बनाया गया, लेकिन उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद से ही वह लापता हो गया। परिजनों ने अस्पताल के हर हिस्से में उसकी खोज की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एमजीएम अस्पताल में ड्यूटी के दौरान होमगार्ड जवानों में मारपीट मामले में तीन निलंबित
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, पूर्व में भी गायब हो चुके हैं मरीज
अस्पताल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मरीज स्वयं बाहर गया या किसी अन्य वार्ड में पहुंचा। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी एमजीएम अस्पताल से कई मरीज रहस्यमय तरीके से गायब हो चुके हैं। चिकित्सकों का कहना है कि मरीजों की पहचान योग्य यूनिफॉर्म नहीं होने से पहचान में दिक्कत आती है। विशेषज्ञों ने सुझाव दिया है कि ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए अस्पताल प्रबंधन को सख्त निगरानी, बेहतर रिकॉर्डिंग सिस्टम और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के ठोस कदम उठाने होंगे। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।