जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के महान शिल्पकार थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने के लिए दूरदर्शी निर्णय लिए। सूचना प्रौद्योगिकी, कंप्यूटर और संचार के क्षेत्र को बढ़ावा देकर उन्होंने तकनीकी क्रांति की मजबूत नींव रखी। पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने, सत्ता के विकेंद्रीकरण और ग्रामीण विकास की दिशा में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उन्होंने कहा कि मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने का ऐतिहासिक निर्णय युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ने की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, महिला सशक्तीकरण, प्रशासनिक सुधार और संचार के क्षेत्र में उनकी पहल आज भी महत्वपूर्ण है।
आधुनिक भारत के सपने को आगे बढ़ाने का संकल्प
प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी ने कहा कि युवाओं को राजीव गांधी के विचारों और आधुनिक भारत के सपने से प्रेरणा लेनी चाहिए। कांग्रेस उनके लोकतांत्रिक मूल्यों, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय तथा राष्ट्र की एकता-अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पबद्ध है।
कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सेवादल कांग्रेस चेयरमैन राजा सिंह राजपूत ने किया। कार्यक्रम में रियाजुद्दीन खान, ब्रजेन्द्र तिवारी, राजकिशोर यादव, रईस रिजवी, प्रताप यादव, अमरजीत नाथ मिश्रा, रामलाल प्रसाद पासवान, आशुतोष सिंह, उदय कुमार सिंह, राजीव मिश्र, राकेश साहू, सुल्तान अहमद, रंजीत सिंह, शिखा चौधरी, अंजनी पाण्डेय, गुरदीप सिंह सोहल, नवनीत मिश्र, सीमा मोहंती, आशीष ठाकुर, फरहत बेगम, तनवीर खान, रविन्द्र मौर्या, सुरज मुण्डा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने तथा उनके सपनों के आधुनिक, मजबूत और समावेशी भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
There is no ads to display, Please add some



















































