जमशेदपुर : फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (एफटीएस), जमशेदपुर चेप्टर की ओर से रविवार को आशियाना गार्डन्स में अपने दानदाता परिवारों के सम्मान में एक विशेष दाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाजसेवा और जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार के लिए निरंतर सहयोग देने वाले दानदाताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना तथा उनके साथ आत्मीय संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाना था। समारोह के दौरान संगीता एवं मनोज गुटगुटिया, सीमा एवं संजय बरनवाल, राधिका एवं अनिल धनधनिया तथा रश्मि एवं जितेंद्र गर्ग के परिवारों को सम्मानित किया गया।
एफटीएस के पदाधिकारियों ने उनके जनजातीय बच्चों की शिक्षा के लिए दिए जा रहे निरंतर सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग और सहभागिता से ही दूरस्थ वनवासी क्षेत्रों तक शिक्षा की रोशनी पहुंच रही है। कार्यक्रम में फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी द्वारा संचालित एकल शिक्षक विद्यालय अभियान की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और जनजातीय क्षेत्रों में चल रहे शिक्षा एवं सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई। इस अभियान की सबसे विशेष बात यह रही कि प्रतिनिधिमंडल को केवल दानदाताओं से ही नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार, विशेषकर नई पीढ़ी के बच्चों से भी संवाद करने का अवसर मिला।
युवा सदस्यों को अभियान की गतिविधियों और सामाजिक उत्तरदायित्व से अवगत कराया गया, ताकि उनमें भी सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित हो सके। इस अवसर पर चेप्टर अध्यक्ष राजेश मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील बागड़ोदिया, सचिव सीए संजय गोयल, वाइस प्रेसिडेंट अभिषेक गर्ग, प्रियंका गर्ग, चंदन काउंटिया, शुभा काउंटिया तथा राजेश बकरेवाल ने दानदाता परिवारों से उनके निवास पर भेंट कर उन्हें सम्मानित किया और एकल शिक्षक विद्यालय अभियान के प्रति उनके सतत सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
एफटीएस, जमशेदपुर चेप्टर ने संकल्प लिया है कि वर्ष 2026-27 के दौरान प्रत्येक दानदाता परिवार से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनका सम्मान किया जाएगा। साथ ही उन्हें अभियान की प्रगति, गतिविधियों और जनजातीय क्षेत्रों में हो रहे सेवा कार्यों की नियमित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि समाज और सेवा के इस अभियान में उनकी सहभागिता और अधिक सशक्त हो सके।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : विप्र फाउंडेशन ने सामाजिक एकजुटता और महिला सहभागिता पर दिया जोर, पूर्वी सिंहभूम की नई कार्यकारिणी ने संभाला पदभार



















































