जमशेदपुर: जमशेदपुर प्रखंड में आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार कार्यक्रम को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। इसी मुद्दे पर प्रखंड कार्यालय स्थित प्रमुख कक्ष में शनिवार को अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन ने की, जिसमें उप प्रमुख शिव कुमार हांसदा, पंचायत समिति सदस्य और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
तैयारी बैठक नहीं, तिथि में अचानक बदलाव
सदस्यों ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम से पहले किसी भी तरह की तैयारी बैठक नहीं की गई। इसके अलावा, कार्यक्रम की तिथि अचानक बदल दी गई और इसकी सूचना प्रमुख, उप प्रमुख और पंचायत समिति सदस्यों को नहीं दी गई।
मैया सम्मान योजना के फॉर्म में कालाबाजारी का आरोप
बैठक में बागबेड़ा क्षेत्र में मैया सम्मान योजना के फॉर्म निःशुल्क उपलब्ध कराने के बजाय कालाबाजारी होने की शिकायतों पर भी कड़ी आपत्ति जताई गई।
साथ ही, कई विभागों को एक ही टेबल पर बैठाकर आवेदन लेने की व्यवस्था अव्यवस्थित बताई गई।
वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति और रसीद न देने पर नाराज़गी
कुछ स्थानों पर वरीय अधिकारियों की अनुपस्थिति और आवेदनों पर प्राप्ति रसीद न दिए जाने को भी बड़ी लापरवाही माना गया। सदस्यों ने कहा कि इन कमियों की वजह से आम जनता को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
प्रखंड प्रमुख का बयान
प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन ने कहा— “तैयारी बैठक नहीं हुई। तिथि अचानक बदल दी गई। फॉर्म की कालाबाजारी और अव्यवस्थित प्रक्रिया से जनता परेशान है। ऐसे हालात में हमने कार्यक्रम का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।”
उप प्रमुख का आरोप
उप प्रमुख शिव कुमार हांसदा ने कहा कि पंचायतों को वर्षों से विकास फंड नहीं मिल रहा है, फिर भी सेवा का अधिकार सप्ताह के नाम पर शिविर लगाकर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। पंचायत समिति सदस्य संघ के जिलाध्यक्ष सतबीर सिंह बग्गा ने बताया कि शिविरों की व्यवस्था ठीक नहीं होने से लोग इधर-उधर भटक रहे हैं और उन्हें सही जानकारी नहीं मिल रही है।
DC को सौंपेंगे मांग–पत्र
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि मंगलवार को जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मिलकर मांग–पत्र सौंपा जाएगा। यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रखंड विकास कार्यालय के बाहर धरना देने की चेतावनी भी दी गई।
उपस्थित सदस्य
बैठक में पानी सोरेन, शिव कुमार हांसदा, सतबीर सिंह बग्गा, मनोज यादव, रुद्रा मुंडा, सुनील गुप्ता, सुशील यादव, दीपू सिंह, जसमीन गुड़िया, साकरो सोरेन, संगीता पात्रो, मनीषा हाईबुरु, रुक्मणी टुडू, सुषमा जोरा समेत कई पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें :
Jamshedpur: शहर में चोरी की बढ़ती घटनाओं से दहशत, कमलपुर और मानगो में 8 लाख की चोरी
There is no ads to display, Please add some


















































