- मध्यम और गरीब वर्ग को नहीं मिलेगा कोई फायदा – कांग्रेस नेता
- बिहार चुनाव में जनता देगी करारा जवाब – महेंद्र पांडेय
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के महासचिव सह बागबेड़ा प्रखंड कांग्रेस के पर्यवेक्षक महेंद्र कुमार पांडेय ने केंद्र सरकार की ओर से 22 सितंबर से लागू हुई जीएसटी छूट को पूरी तरह दिखावा करार दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इसे उत्सव की तरह पेश कर रही है, लेकिन इससे न तो गरीब और न ही मध्यम वर्ग को कोई लाभ मिलेगा। पांडेय ने कहा कि आठ वर्ष पहले जबरन थोपे गए जीएसटी में अब छूट देना एनडीए सरकार के “सबका साथ, सबका विकास” नारे का मजाक है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और वैश्विक दबावों से घिरी सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे निर्णय ले रही है। उनका कहना था कि जनता अब पूरी तरह जागरूक है और आने वाले चुनावों में भाजपा को इसका करारा जवाब देगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोलमुरी दुर्गा पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन, 100 वर्ष पूर्ण होने पर जश्न का माहौल
कांग्रेस नेता ने जीएसटी छूट को बताया जनता को गुमराह करने की कोशिश
महेंद्र पांडेय ने आगामी बिहार चुनाव को लेकर भी केंद्र सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बिहार एक कृषि आधारित राज्य है, लेकिन पेट्रोल-डीजल जैसी मूलभूत आवश्यकताओं पर जीएसटी में कोई छूट नहीं दी गई। वहीं, सरकार ने महंगी गाड़ियों और ब्रांडेड सामान पर छूट देकर अपने असली चेहरे को उजागर किया है। पांडेय ने कहा कि मध्यम वर्ग की पहुंच वाले सामानों की कीमतों में कोई कमी नहीं आई है। ऐसे में गरीब और मध्यम वर्ग को राहत मिलने की बात करना केवल जनता को मूर्ख बनाने का प्रयास है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता इस बार एनडीए को उखाड़ फेंकेगी और एक नई राजनीतिक दिशा देगी।



















































