- मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर मरीना सिटी में एनडीए की रणनीतिक बैठक संपन्न
- फर्जी मतदान की कोशिश पर सख्त रुख, हर बूथ पर कड़ी निगरानी
- एमजीएम अस्पताल की बदहाली पर जदयू नेताओं का हमला
- एनडीए प्रत्याशी संध्या सिंह को भारी बहुमत से जिताने का आह्वान
- मानगो में एनडीए ने झोंकी पूरी ताकत
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर रविवार को मरीना सिटी, आजादनगर में एनडीए कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि चुनाव के दिन आजादनगर क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर एनडीए के कार्यकर्ता पूरी मजबूती और सतर्कता के साथ तैनात रहेंगे। नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी परिस्थिति में फर्जी मतदान नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसी दबंग या असामाजिक तत्व ने फर्जी मतदान की कोशिश की तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। बैठक में बूथ स्तर पर समन्वय, मतदाताओं की सुरक्षा और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : हार के डर से प्रत्याशी घोषित नहीं कर रही झामुमो – अनिल मोदी
मानगो चुनाव में बूथ स्तर पर एनडीए की सख्त तैयारी
बैठक को संबोधित करते हुए जनता दल (यूनाइटेड) के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने एमजीएम अस्पताल की बदहाल स्थिति को लेकर सत्ताधारी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग यह दावा करते हैं कि उन्होंने एमजीएम अस्पताल बनवाया, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। अस्पताल में मरीजों के लिए पानी तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। जिन मरीजों का ऑपरेशन जरूरी है, उनका इलाज समय पर नहीं हो पा रहा है। नगर निगम से पानी मंगवाकर अस्पताल का काम चलाया जा रहा है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में मरीज जीते-जी मरने को मजबूर हैं और यही सच्चाई जनता के सामने लाने की जरूरत है।
इसे भी पढ़ें : Musabani : मुसाबनी आकांक्षी प्रखंड में संपूर्णता अभियान 2.0 की शुरुआत, शत प्रतिशत लक्ष्य पर फोकस
एमजीएम अस्पताल की स्थिति पर उठे गंभीर सवाल
वरीय जदयू नेता आशुतोष राय ने कहा कि चुनाव के समय कई तरह के लोग बड़े-बड़े वादे और सपने दिखाने आते हैं। ऐसे लोगों को सम्मानपूर्वक नमस्ते जरूर करें, लेकिन वोट केवल एनडीए समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह को ही दें। युवा जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश महासचिव पप्पू सिंह ने कहा कि कुछ लोग कदमा से आकर मानगो का मेयर बनना चाहते हैं, जो मानगो की जनता का अपमान है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मानगो में मेयर पद के योग्य लोग नहीं हैं। पप्पू सिंह ने बताया कि वह पिछले 32 महीनों से संघर्ष कर रहे हैं। मेयर चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद उन्हें पार्टी से निकाला गया, आधा दर्जन मुकदमे दर्ज कराए गए और घरों पर छापेमारी करवाई गई, लेकिन वह डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस चुनाव में संध्या सिंह की जीत तय है और वह भी भारी बहुमत से। बैठक की अध्यक्षता युवा जदयू के प्रदेश महासचिव पप्पू सिंह ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने किया। बैठक में बरकट्ठा के भाजपा विधायक अमित यादव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नीरज सिंह सहित बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे।