- तेज रफ्तार से बढ़ रहे हादसे, ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल
जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के सुंदरनगर रेलवे फाटक के पास 11 दिसंबर को हुई भीषण सड़क दुर्घटना में घायल दोनों बाइक सवारों की इलाज के दौरान मौत हो गई। जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी निवासी मोहम्मद अरबाज को गंभीर हालत में पहले एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति बिगड़ने पर उसे रांची के रिम्स रेफर किया गया, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अरबाज की मां राबिया के आवेदन पर सुंदरनगर थाने में अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, हादसे में घायल दूसरे बाइक सवार नरसिंह हेंब्रम, जो ओडिशा के मयूरभंज जिले के बड़ासिया गांव का निवासी था, इलाज के दौरान दम तोड़ चुका है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : श्रद्धा और विश्वास का महासंगम : 100 साल बाद नए स्वरूप में विराजे बाबा भीमेश्वर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा दो तेज रफ्तार बाइकों के आमने-सामने टकराने से हुआ था। दोनों वाहन इतनी तेज गति में थे कि टक्कर के बाद दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है और इसका मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना है। इस घटना ने एक बार फिर ट्रैफिक व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : परसुडीह में अवैध शराब कारोबार पर विरोध, माफिया का हमला
गौरतलब है कि वर्ष 2011 में ट्रैफिक पुलिस ने शहर में स्पीड लिमिट लागू करने की योजना बनाई थी। इस पर जिला प्रशासन स्तर पर कई बैठकें भी हुईं, लेकिन योजना कागजों तक ही सीमित रह गई। यदि समय रहते इसे लागू किया गया होता, तो शायद ऐसे हादसों को रोका जा सकता था। लगातार बढ़ते हादसों ने प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को टाला जा सके।