जमशेदपुर :महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में खेल मंत्रालय, भारत सरकार, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार तथा जिला प्रशासन, खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 28 से 30 अगस्त 2026 तक राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला खेल कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम की ओर से जिले के विभिन्न डे-बोर्डिंग केंद्रों एवं स्थानीय स्तर पर “Khelega Bharat, Jeetega Bharat” थीम के तहत तीन दिवसीय खेल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने, नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूकता पैदा करना है। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को मैदान से जोड़ने और खेल भावना को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
‘TRIBUTE, PLAY और MOVE’ के संदेश के साथ होंगी विभिन्न गतिविधियां
राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत कार्यक्रमों को ‘TRIBUTE, PLAY और MOVE’ की थीम पर आयोजित किया जा रहा है। 27 अगस्त को TRIBUTE के तहत मेजर ध्यानचंद जी की खेल भावना, उपलब्धियों एवं भारतीय खेल जगत में उनके योगदान को स्मरण किया गया। इस अवसर पर ड्राइंग प्रतियोगिता एवं स्पोर्ट्स अवेयरनेस गतिविधियों का आयोजन कर प्रतिभागियों को महान हॉकी खिलाड़ी के जीवन और खेल के प्रति उनके समर्पण से अवगत कराया गया।
29 अगस्त को PLAY थीम के तहत “एक घंटा खेल के मैदान में” संदेश के साथ विभिन्न डे-बोर्डिंग केंद्रों में वॉलीबॉल एवं हैंडबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा सरजामदा स्टेडियम में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ टीम भावना, अनुशासन एवं खेल भावना को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
वहीं, 30 अगस्त को MOVE थीम के तहत योग, प्राणायाम, वॉकाथॉन एवं स्वास्थ्य जागरूकता सहित विभिन्न फिटनेस गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से युवाओं को नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला खेल कार्यालय द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में डे-बोर्डिंग केंद्रों के प्रशिक्षित खिलाड़ियों के साथ स्थानीय युवाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। आयोजन के माध्यम से जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों को खेल गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में 18 से 20 सितंबर तक होगा ‘श्री गौ कृपा कथा महोत्सव’
There is no ads to display, Please add some



















































