झाड़ग्राम : मानिकपाड़ा रेंज अंतर्गत बड़ाशुली जंगल में शुक्रवार देर रात हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने के दौरान वन विभाग की टीम पर अचानक हमला हो गया। हाथियों के झुंड ने वन विभाग के ऐरावत वाहन को निशाना बनाया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वन विभाग के अनुसार, बड़ाशुली जंगल में करीब 40 से 50 हाथियों का झुंड मौजूद था। नियमित अभियान के तहत वनकर्मी उन्हें मानव बस्तियों से दूर जंगल की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान झुंड से अलग हुए 10 से 12 हाथी अचानक आक्रामक हो गए और ऐरावत वाहन पर हमला कर दिया।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक तत्काल वाहन से उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर भाग निकला, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि उग्र हाथियों ने वाहन को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया और उसके भीतर रखे कई आवश्यक उपकरण भी टूट-फूट गए। घटना के बाद कुछ समय तक वनकर्मियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन बाद में टीम ने स्थिति पर नियंत्रण पाते हुए हाथियों के झुंड को फिर से जंगल के सुरक्षित हिस्से की ओर मोड़ दिया।
वन विभाग का कहना है कि बरसात के मौसम में हाथियों के आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में विभाग नियमित अभियान चलाकर मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने का प्रयास करता है। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि जंगली हाथियों का व्यवहार कभी भी अप्रत्याशित और आक्रामक हो सकता है तथा वनकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों और वन्यजीवों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे रहते हैं।
इसे भी पढ़ें : Bahragora : अज्ञात वाहन से टकराकर कार के उड़े परखच्चे, कटक निवासी चालक बाल-बाल बचा
There is no ads to display, Please add some



















































