पोटका : सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच मेहनत और लगन के बल पर पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्रा मालती टुडू ने 12वीं आर्ट्स की परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में आठवां स्थान हासिल किया है। मालती की इस सफलता से परिवार, विद्यालय एवं पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। मालती टुडू एक गरीब किसान परिवार से आती हैं। उनके पिता श्याम चरण टुडू खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मालती की माता का पहले ही निधन हो चुका है। ऐसे में पिता ने ही मां और पिता दोनों की जिम्मेदारी निभाते हुए बेटी को शिक्षा के लिए प्रेरित किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद मालती ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से जिले के टॉप-10 में जगह बनाकर परिवार और समाज का नाम रोशन किया है। अपनी सफलता पर मालती ने कहा कि वह आगे भी पढ़ाई जारी रखते हुए प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती हैं, ताकि समाज और परिवार के लिए बेहतर कार्य कर सकें तथा क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें। विद्यालय की वार्डन रूमा हलदार ने मालती सहित सभी सफल छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि इस वर्ष विद्यालय के छात्राओं का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसका श्रेय छात्राओं की मेहनत एवं शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन को जाता है।
इसे भी पढ़ें : Potka : 12वीं की परीक्षा में छात्राओं का जलवा, छाया भकत बनी प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस टू हाई स्कूल की टॉपर



















































