सरायकेला: सरायकेला जिले में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के लिए धान अधिप्राप्ति को सुचारू और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों के पंजीकरण और सत्यापन, लैंपस संचालन, अधिप्राप्ति प्रक्रिया, निरीक्षण व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रावधानों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने पाया कि निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले कृषि पंजीकरण में प्रगति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, प्रखंड कृषि एवं सहकारिता पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अगले पाँच दिनों में पंजीकरण में तेजी लाएं और सुधारात्मक कदम उठाएँ। प्रखंड स्तर पर समिति की बैठक कर कार्ययोजना तैयार करने और पोर्टल पर इनएक्टिव किसानों को सक्रिय करने का भी निर्देश दिया गया।
जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 27 लैंपस/पैक्स संचालित किए जाएंगे और पाँच राइस मिलों को धान उठाव के लिए चिह्नित किया गया है। उपायुक्त ने सभी लैंपस पर आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने, सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने और मजिस्ट्रेट की नियमित प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने जिला सहकारिता और जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को सभी प्रावधानों की नियमित निगरानी और किसी भी कमी पर तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया। आवश्यकतानुसार राइस मिलों की संख्या बढ़ाकर धान उठाव कार्य में बाधा न आने देने की भी बात कही।
उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। किसानों को अधिप्राप्ति प्रक्रिया, दस्तावेज़, पंजीकरण और लैंपस केंद्र पर बिक्री समय-सारणी की जानकारी उपलब्ध कराई जाए ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी रूप से संचालित हो।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला कृषि पदाधिकारी रौशन निलकमल, जिला सहकारिता पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति और सहकारिता पदाधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some


















































