बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत जगन्नाथपुर चौक से लोधानवानी गांव को जोड़ने वाली सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय है. वर्षों पहले बनी यह सड़क अब पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
हर कदम पर गड्ढे, हर बारिश में खतरा
इस सड़क पर कदम-कदम पर गड्ढे बन चुके हैं. बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है. लोग जान हथेली पर रखकर इस रास्ते से गुजरते हैं. स्थिति इतनी खराब हो गई है कि पैदल चलना तक चुनौतीपूर्ण हो गया है. यह मार्ग पनिसोल, लुगाहारा, लोधानवानी और बाकड़ा जैसे गांवों को जोड़ता है. इन गांवों के निवासी बाजार, स्कूल, अस्पताल और कार्यालयों तक पहुंचने के लिए इसी रास्ते पर निर्भर हैं.
सिर्फ आश्वासन, समाधान नहीं
स्थानीय ग्रामीणों – मानस महाली, जयराम महाली, मानिक सिंह और रबिन्द्र दास – ने बताया कि वे कई बार सड़क की मरम्मत के लिए प्रखंड कार्यालय से लेकर मंत्री तक गुहार लगा चुके हैं. लेकिन अब तक उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क की मरम्मत या पुनर्निर्माण जल्द से जल्द शुरू किया जाए, ताकि आने-जाने की सुविधा बहाल हो सके और दुर्घटनाओं से लोगों की जान बचाई जा सके.
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: दलमा की वादियों में सजी मेहमाननवाजी, ‘The Nature Vibe Resort’ का उद्घाटन




















































