रांची: रांची के खलारी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने पुलिस पेट्रोलिंग टीम पर फायरिंग की। यह घटना बमने पंचायत, निर्मल महतो चौक पर हुई।
इस फायरिंग में हवलदार राम शरिक शर्मा के पैर में गोली लगी। उन्हें स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद रांची रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फायरिंग के समय गश्ती दल में अवर निरीक्षक रवि सोनी के साथ एक हवलदार और आरक्षक भी मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार और बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने अचानक फायरिंग की और तुरंत फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में छापेमारी शुरू कर दी और कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक फायरिंग की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर अपराधियों की फायरिंग से एक गोली मकान के दरवाजे पर जा लगी। दरवाजे पर गोली का निशान स्पष्ट है। वहीं, पास में अपराधियों के हेलमेट का टूटा हुआ हिस्सा भी मिला है। सभी अपराधी कार और बाइक पर सवार थे।
घटना के तुरंत बाद खलारी एसडीपीओ रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस सुबह चार बजे तक छापेमारी करती रही। इस दौरान एक संदिग्ध के घर से मारुति स्विफ्ट डिजायर कार और सीसीटीवी डीवीआर को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया गया।
इसे भी पढ़ें :
Train Fire: बक्सर-टाटा फास्ट एक्सप्रेस में लगी आग, ट्रेन से कूदे यात्री
There is no ads to display, Please add some





















































