घाटशिला: आगामी 11 नवंबर को होने वाले घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज़ हो गई है। भाजपा, झामुमो और झारखंडी एकता लोक कल्याण मंच (जेएलकेएम) के बीच इस बार त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।
जेएलकेएम की ओर से प्रचार अभियान की कमान केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने संभाली है। वे इन दिनों क्षेत्र के सीदेसल, चतरो, धालभूमगढ़, रूवासल, डोभा, सोनाखून, मौदासोली, अमयनगर और बढ़ाघाट सहित कई गांवों में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
प्रचार के दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि घाटशिला की जनता गरीबी, बेरोजगारी और पलायन की समस्या से त्रस्त है। उन्होंने कहा — “घाटशिला में पढ़ाई, कमाई और दवाई — तीनों व्यवस्था चौपट हो चुकी है। वर्षों से क्षेत्र के नेता जनता को दिग्भ्रमित करते आ रहे हैं। अब जनता बदलाव चाहती है।”
महतो ने बताया कि जेएलकेएम जनता को हक और अधिकार के प्रति जागरूक कर रही है। शिक्षित वर्ग और युवा अब मंच के प्रति उत्साहित हैं और चुनाव में रामदास मुर्मू को समर्थन दे रहे हैं।
जनसंपर्क अभियान में देवेंद्र नाथ महतो के साथ रामदास मुर्मू, पॉल्टी हँसदा, फनी, खुदीराम, सन्नी तिग्गा, मनीष साहू, पंचम एक्का, गुना भगत समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे। महतो ने हर गांव में जाकर लोगों से संवाद किया और कहा कि इस बार जनता अपने वोट की ताकत से विकास और सम्मान की नई कहानी लिखेगी।




















































