- हिंडाल्को मुरी यूनिट के सीएसआर विभाग ने स्वास्थ्य केंद्र को सौंपा उपकरण
- स्वास्थ्य मेले में 600 लोगों की हुई जांच
मुरी : मुरी स्थित सिल्ली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अब हड्डी संबंधी रोगों की जांच के लिए आधुनिक बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) मशीन की सुविधा मिल गई है। यह मशीन हिंडाल्को मुरी यूनिट के सीएसआर विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई। सीएसआर हेड अनिल सिंह ने मशीन को रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार को औपचारिक रूप से सौंपा। सिविल सर्जन ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि रांची जिले में भी बीएमडी मशीन की संख्या सीमित है, ऐसे में सिल्ली जैसे ग्रामीण क्षेत्र में इसकी स्थापना बड़ी उपलब्धि है। अब स्थानीय स्तर पर हड्डियों की जांच संभव होगी और मरीजों को शहर का रुख नहीं करना पड़ेगा।
इसे भी पढ़ें : Rajnagar : साईं सरस्वती इंग्लिश स्कूल में 9वां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न
ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिला बल
इस अवसर पर सीएसआर हेड अनिल सिंह ने कहा कि हिंडाल्को अपने सामाजिक दायित्व के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में लगातार योगदान दे रही है। उन्होंने बताया कि इसी दिन बिसरिया गांव में एक स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 600 लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रियंका कुमारी, अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं हिंडाल्को के अधिकारी उपस्थित रहे। इस पहल से क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।
There is no ads to display, Please add some




















































