जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित ग्वाला बस्ती में मंगलवार देर रात पुलिस ने तड़ीपार अपराधी के रूप में चर्चित चटनी डॉन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह कार्रवाई रात करीब 11 बजे की, जब पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार चटनी डॉन को लगभग दो माह पहले जिला प्रशासन द्वारा तड़ीपार किया गया था। इसके बावजूद वह चोरी-छिपे सोनारी के ग्वाला बस्ती इलाके में अपने पति पवन यादव के साथ रह रही थी। मंगलवार की रात किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते-देखते मारपीट में बदल गई। आसपास के लोगों ने विवाद की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सोनारी थाना पुलिस क्यूआरटी टीम के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस जब घर पहुंची तो पता चला कि तड़ीपार के बावजूद चटनी डॉन इलाके में रह रही है। पुलिस को देखते ही उसने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर सोनारी थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार तड़ीपार आदेश का उल्लंघन करने के मामले में उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और इलाके में उसकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
इधर चटनी डॉन की मां ने बताया कि पवन यादव पिछले चार वर्षों से उसकी बेटी के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा है और दोनों का एक बच्चा भी है। मां के मुताबिक हाल के दिनों में पवन यादव उसे प्रताड़ित कर छोड़ देने की बात कह रहा था, जिस कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मंगलवार की रात भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।