झाड़ग्राम : दूरदराज के आदिवासी इलाकों तक कानूनी सहायता और अधिकारों की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को गोपीबल्लभपुर के कमलाशोल स्थित ख्रिस्तीय ज्योति आश्रम में कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कोलकाता सेवा केंद्र की पहल और झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित शिविर में करीब 120 आदिवासी ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
शिविर में झाड़ग्राम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तथा न्यायाधीश रीहा त्रिवेदी विशेष रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, उपलब्ध सरकारी कानूनी सेवाओं तथा जरूरत पड़ने पर निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी।
इस अवसर पर गोपीबल्लभपुर थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह, एएसआई भीमचरण घोष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के ऑफिस मास्टर सुब्रत बारिक तथा अधिकार मित्र तारकेश्वर राणा और नीलकंठ घोड़ाई सहित कोलकाता सेवा केंद्र के अधिकारी मौजूद थे। शिविर में वक्ताओं ने कहा कि आर्थिक या भौगोलिक कारणों से कोई भी व्यक्ति कानूनी सहायता से वंचित न रहे, इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता जरूरी है।
विशेष रूप से आदिवासी और दूरस्थ इलाकों के लोगों को अपने अधिकारों तथा निःशुल्क कानूनी सेवाओं की जानकारी देने पर जोर दिया गया। आयोजकों के अनुसार, ऐसे शिविर ग्रामीणों को न्याय व्यवस्था और कानूनी सहायता से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : जनता के बीच पहुंचे विधायक, चाय पर चर्चा में सुनीं जनता की समस्याएं, समाधान का दिया भरोसा
There is no ads to display, Please add some


















































