- झारखंड के अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को सशक्त बनाने पर जोर, नीति स्तर पर सहयोग की अपील
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने नई दिल्ली स्थित जीवन तारा बिल्डिंग में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग (NCMEI) के कार्यकारी अध्यक्ष श्री शाहिद अख्तर से शिष्टाचार मुलाक़ात की। इस अवसर पर उन्होंने शहीद-ए-आज़म भगत सिंह द्वारा जेल में रहते हुए लिखे गए पत्रों और संस्मरणों के संकलन पर आधारित पुस्तक भी भेंट की। काले ने झारखंड में अल्पसंख्यक विद्यालयों और महाविद्यालयों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की और राज्य के अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को और सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए नीति-स्तर पर समझ और संवेदनशीलता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इसे भी पढ़ें : Bodam : तालाब में डुबकी लगाते समय व्यक्ति की मौत, गोताखोरों का इंतजार
इस मुलाकात के दौरान अमरप्रीत सिंह काले ने आयोग के समक्ष कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। शाहिद अख्तर ने उनके सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि इन बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और झारखंड में अल्पसंख्यक शिक्षा के उत्थान के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। काले ने कहा कि शाहिद अख्तर का सकारात्मक दृष्टिकोण और संवेदनशीलता निश्चित रूप से झारखंड में अल्पसंख्यक शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगी।