पोटका: पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पोटका में शुक्रवार को जिला स्तरीय अंतरविद्यालय बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, झारखंड शिक्षा परियोजना के निर्देशानुसार किया गया। प्रतियोगिता में 11 प्रखंडों की छात्राओं और बालक वर्ग की टीमों ने भाग लिया।
बैंड प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि बीडीओ अरुण कुमार मुंडा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि बैंड प्रतियोगिता से छात्र-छात्राएं अनुशासन के साथ अपने सांस्कृतिक और रचनात्मक कौशल को प्रदर्शित कर सकते हैं और भविष्य में आगे बढ़ सकते हैं।
बैगपाइपर बैंड में प्रथम स्थान पीएम श्री केजीबीवी पोटका, द्वितीय स्थान केजीबीवी मुसाबनी और तृतीय स्थान केजीबीवी धालभूमगढ़ ने प्राप्त किया। ब्रास बैंड में प्रथम स्थान केजीबीवी बोड़ाम को मिला। बालक वर्ग में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय विद्यालय लखाईडीह ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को बीआरसी पोटका बीपीओ जयश्री बोयपाई और केजीबीवी जिला प्रभारी बिंदु झा द्वारा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

बालिका शिक्षा जिला प्रभारी बिंदु झा ने कहा कि कस्तूरबा विद्यालय की छात्राएं लोगों का स्वागत बैंड बजाकर करती हैं, जो बेहद मनमोहक होता है। उन्होंने बैंड प्रतियोगिता को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया और इसे खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधि के रूप में शामिल करने की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में केजीबीवी पोटका की वार्डन रुमा हालदार, शिक्षिका ज्योति सागर, काजलमुनी सरदार, मीना धनवार, प्रमिला सोरेन, यमुना हेंब्रम, कमल कुमारी मुंडा और शिक्षक मोहन सोरेन सहित अन्य सहकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर 13 विद्यालयों के कोच, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।




















































