पश्चिम सिंहभूम: रामनवमी के पावन अवसर पर पंचमुखी हनुमान मंदिर समिति की ओर से एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया. इससे पूर्व मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ किया गया. शोभायात्रा में गाजे-बाजे, भगवा ध्वज और आकर्षक झांकियों के साथ बाइक पर सवार रामभक्तों ने पूरे गुवा क्षेत्र को राममय बना दिया.

विभिन्न क्षेत्रों से एकत्रित हुए रामभक्त
यह शोभायात्रा रामनगर स्थित राम मंदिर प्रांगण में पहुंचकर संपन्न हुई. इसमें कल्याण नगर, हिरजीहाटिंग, कैलाश नगर, बिरसानगर और गुवा बाजार से भी विभिन्न समितियों द्वारा शोभायात्राएं निकाली गईं. सभी दलों का समागम रामनगर में हुआ, जहां पंचमुखी हनुमान मंदिर समिति के अखाड़ा कलाकारों ने शानदार करतब प्रस्तुत किए.
बाल रूप में दिखे राम दरबार
कैलाश नगर अखाड़ा समिति की ओर से छोटे-छोटे बच्चों ने श्रीराम, देवी सीता, लक्ष्मण और हनुमान का रूप धारण कर शोभायात्रा में भाग लिया. इस दृश्य ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और धार्मिक भावनाओं को चरम पर पहुँचा दिया.युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष सलीम कुरैशी ने शोभायात्रा में भाग लेने वालों के लिए सड़क किनारे शरबत और पेयजल का वितरण कर समाजसेवी भूमिका का निर्वाह किया.

जय श्रीराम के नारों से गुंजायमान हुआ गुवा
शोभायात्रा रामनगर, रेलवे मार्केट, विवेक नगर, कच्छी धौड़ा और कल्याण नगर होते हुए आगे बढ़ी. इस दौरान जगह-जगह अखाड़ा कलाकारों द्वारा करतब प्रदर्शन किए गए. पूरे क्षेत्र में जय श्रीराम के नारों की गूंज सुनाई देती रही.
प्रशासनिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था
शोभायात्रा के शांतिपूर्ण संचालन हेतु प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा. नोवामुंडी अंचलाधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पु रजक, किरीबुरू इंस्पेक्टर बमबम कुमार, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार और अन्य पुलिस पदाधिकारियों की निगरानी में हर प्रमुख स्थान पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
इसे भी पढ़ें : Chandil: चांडिल की गलियों में गूंजा ‘जय श्रीराम’, आंध्रप्रदेश की झांकी और 21 फीट के श्रीराम तस्वीर ने मोहा मन
There is no ads to display, Please add some


















































