जमशेदपुर: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को टाउन हॉल, सिदगोड़ा में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने जिला स्तरीय केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक की।
बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल, निर्बाध बिजली, सड़क मरम्मतीकरण, ड्रॉप गेट और विसर्जन घाट की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि थानावार बैठकों से मिले फीडबैक पर काम हो रहा है और समय रहते सभी सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी।
उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार समीक्षा कर रहा है। उन्होंने पंडाल समितियों से तय विसर्जन रूट का पालन करने, सीसीटीवी और माइकिंग सिस्टम दुरुस्त रखने तथा पार्किंग स्थल पहले से तय करने की अपील की।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए महिला वॉलंटियर्स की तैनाती जरूरी है। सभी समितियों को बिजली और अग्निशमन विभाग से एनओसी लेने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सोशल मीडिया पर फेक न्यूज़ को लेकर भी सतर्क रहने की हिदायत दी और कहा कि किसी भी अफवाह की पुष्टि प्रशासनिक अधिकारियों से करें।
समितियों के लिए दिशा-निर्देश
पंडाल की क्षमता से अधिक लोग अंदर न जाएं।
प्रवेश और निकास द्वार अलग-अलग हों।
सीसीटीवी और वॉलंटियर्स की मॉनिटरिंग अनिवार्य हो।
खोया-पाया केंद्र और फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध रहें।
बैठक में रूरल एसपी ऋषभ गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, एसओआर राहुल आनंद, डीटीओ धनंजय, एसडीओ चंद्रजीत सिंह समेत कई अधिकारी और विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें :
Chaibasa: वन देवी मंदिर में दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू, 22 को होगी कलश स्थापना
There is no ads to display, Please add some



















































