जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर स्थित झबरू बागान इलाके की करीब 20 से 25 महिलाएं चिटफंड ठगी का शिकार हो गई हैं। बताया जा रहा है कि इन महिलाओं के 15 से 20 लाख रुपये तक एक स्थानीय महिला के पास फंस गए हैं। मेहनत की गाढ़ी कमाई गंवाने के बाद सभी महिलाएं अब न्याय की उम्मीद में पुलिस थाने के चक्कर काट रही हैं।
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि झबरू बागान निवासी प्यारी देवी इलाके में “चिटफंड कमेटी” चलाती थी। इस कमेटी में लगभग 20 से अधिक महिलाएं सदस्य थीं। हर महीने “खेल” नामक आयोजन होता था, जिसमें जिस सदस्य को पैसों की जरूरत होती, वह ऊंची बोली लगाकर रकम उठा लेती थी। यह सिलसिला कई महीनों तक चला, लेकिन अचानक प्यारी देवी गायब हो गई।
महिलाओं ने बताया कि उन्होंने हर महीने नियमित रूप से पैसे जमा किए, लेकिन प्यारी देवी के फरार होने के बाद किसी को भी पैसा नहीं मिला। अब महिलाएं परेशान हैं और बार-बार थाने जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराने की कोशिश कर रही हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता अमित शर्मा के साथ मंगलवार देर शाम महिलाएं टेल्को थाना पहुंचीं और थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सिंह से मदद की गुहार लगाई।
थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक महिलाओं ने केवल मौखिक शिकायत दी है। जैसे ही लिखित शिकायत मिलेगी, पुलिस जांच शुरू करेगी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।