जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के चेपापुल के पास सोमवार को दो ऑटो के बीच हुई टक्कर ने अचानक मारपीट का रूप ले लिया। इस दौरान एक महिला यात्री घायल हो गई और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चेपापुल के पास दो ऑटो की हल्की टक्कर के बाद दोनों चालकों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने दूसरे ऑटो में बैठी महिला यात्री को धक्का दे दिया, जिससे महिला के हाथ में चोट लग गई। महिला के साथ मौजूद चालक आर्यन भी झगड़े में घायल हुआ।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। गुस्साई महिला ने मौके पर ही आरोपी चालक की चप्पल से पिटाई कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से अफरातफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
दोनों पक्षों के बीच मारपीट देखने के लिए लोगों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि चेपापुल मेन रोड पर करीब आधे घंटे तक जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया और सड़क पर लगे जाम को हटाया। काफी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका। इस बीच मारपीट करने वाला आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान कर रही है और जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें :
घाटशिला उपचुनाव से पहले प्रशासन सख्त, सैकड़ों लीटर शराब बरामद – एक ट्रक जब्त – मिनी फैक्ट्री सील




















































