जमशेदपुर: घाटशिला उपचुनाव से ठीक पहले प्रशासन ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। अनुमंडल पदाधिकारी, घाटशिला और सहायक आयुक्त, उत्पाद विभाग के निर्देश पर रविवार को कई इलाकों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई। कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक उत्पाद श्री रामदास भगत ने किया।
पारुलिया से विदेशी शराब बरामद
मुसाबनी थाना क्षेत्र के पारुलिया गांव में बुद्धराम महली के घर छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड की अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। कुल 9.705 लीटर विदेशी शराब और 0.5 लीटर बीयर जब्त की गई।
घाटशिला में मिली 80 लीटर चुलाई शराब
घाटशिला थाना क्षेत्र में गुरुचरण मार्डी के आवास से लगभग 80 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई। टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और नमूने जांच के लिए भेजे।

जादूगोड़ा में मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़
गुप्त सूचना के आधार पर जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के केन्दाडीह गांव में बड़ी कार्रवाई की गई। बबलू पासवान उर्फ बबलू सिंह द्वारा दुलारी सोरेन के घर में चल रही मिनी शराब फैक्ट्री का खुलासा हुआ। जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल की मदद से की गई तलाशी में बरामद हुआ:
30 पेटी ‘किंग गोल्ड’ व्हिस्की
2 पेटी ‘मैकडॉवेल नंबर 1’ (180 ml)
एक सिन्टेक्स टंकी में 260 लीटर तैयार शराब
30 लीटर कैरामेल, 4 रोल ‘किंग गोल्ड’ लेबल
2 बोरा ढक्कन और चार ड्रम में करीब 800 लीटर कच्चा स्पिरिट
इसके साथ ही शराब लोड की जा रही मालवाहक गाड़ी भी जब्त की गई।
अभियोग दर्ज, अभियान जारी रहेगा
सभी मामलों में उत्पाद अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि उपचुनाव के मद्देनज़र अवैध शराब पर रोक लगाने के लिए छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक मोहम्मद गुफरान, जिला पुलिस बल और गृह रक्षक शामिल थे।




















































