झाड़ग्राम : विधानसभा चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए झाड़ग्राम जिले में मतदाता जागरूकता अभियान को तेज़ कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकांक्षा भास्कर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में पिछले मतदान प्रतिशत के विश्लेषण के आधार पर विशेष रणनीति तैयार की गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करना, निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान को बढ़ावा देना तथा मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के उपयोग के प्रति जागरूक करना है।
यह अभियान भारतीय निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार चलाया जा रहा है। इसमें महिलाओं, नए मतदाताओं, दिव्यांगजनों, बुजुर्गों तथा विशेष रूप से पीवीटीजी समुदाय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।डीएम ने बताया कि 25 मार्च को “भूतूदा” नामक जिला चुनाव शुभंकर का शुभारंभ किया गया, जिसका संदेश “आमार झाड़ग्राम आमार वोट” है। इसके साथ ही जिले के सभी ब्लॉकों में हस्ताक्षर अभियान, घर-घर संपर्क तथा जागरूकता पर्चों का वितरण लगातार जारी है।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरे जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही केंद्रीय अर्धसैनिक बल द्वारा रूट मार्च कर लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर सामुदायिक बैठकों का आयोजन भी किया जा रहा है। युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को जोड़ने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी ) को सक्रिय किया गया है। इसके तहत रंगोली प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, सेल्फी ज़ोन, मतदाता शपथ और मानव श्रृंखला जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
महिला मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रैली और जागरूकता बैठकें की जा रही हैं। वहीं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियां और नागरिक संवाद कार्यक्रम भी आयोजित हो रहे हैं।
डीएम ने यह भी बताया कि मतदाताओं की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए मोबाइल जमा सुविधा, ईवीएम में उम्मीदवार की फोटो, शत प्रतिशत वेबकास्टिंग तथा इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम जैसी नई व्यवस्थाओं के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जा रही है। अंत में आकांक्षा भास्कर ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : ममता बनर्जी की झाड़ग्राम में चुनावी रैली 11 को, टीएमसी नेताओं ने सभास्थल का किया निरीक्षण



















































