जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ उसकी निशानदेही पर चोरी का ऑटो भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश अंसारी उर्फ राजा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में चोरी समेत अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को कपाली थाना क्षेत्र के बागुनहातु चौक स्थित गुरुद्वारा मस्जिद के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना सामने आई थी। मामले को लेकर आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी अनुसंधान शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस को चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले युवक के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान दानिश अंसारी उर्फ राजा के रूप में की गई। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए आजादनगर और कपाली थाना क्षेत्र में लगातार छापेमारी की जा रही थी।
इसी क्रम में पुलिस टीम द्वारा नूर कॉलोनी रोड के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। जांच के दौरान पुलिस ने दानिश अंसारी उर्फ राजा को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने आजादनगर थाना क्षेत्र से एक ऑटो चोरी करने की बात भी स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए चोरी का ऑटो भी बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दानिश अंसारी उर्फ राजा का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मानगो, सीतारामडेरा और आजादनगर थाना में चोरी समेत अन्य आपराधिक धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता रही है या नहीं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
There is no ads to display, Please add some



















































