जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग है, जबकि दूसरे की पहचान राहुल पात्रो उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और लूटी गई रकम में से 1200 रुपये बरामद किए हैं। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त की रात करीब 10 बजे आकाश कुमार रेलवे हाई स्कूल के पास से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया और पैसों की मांग करने लगे। आकाश ने जब पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने चाकू निकाल लिया और उस पर हमला कर दिया। इसके बाद बदमाश उसकी जेब से करीब 1700 रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना पुलिस और छापामारी दल ने वायरलेस के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चाकू और लूट की रकम में से 1200 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: वाहन चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक और ऑटो बरामद



















































