जमशेदपुर: जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा और बिष्टुपुर दोनों कैंपस में 76वां गणतंत्र दिवस अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया. कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने पहले सिदगोड़ा और फिर बिष्टुपुर कैंपस में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी. इस दौरान बी.एड, एनसीसी, एनएसएस की छात्राओं और एजेंसी कर्मियों ने अनुशासित मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया.
संविधान की प्रस्तावना और महिला भागीदारी पर जोर
अपने संबोधन में कुलपति महोदया ने संविधान की प्रस्तावना “हम भारत के लोग” की महत्ता को रेखांकित करते हुए नागरिकों के अधिकारों से पहले कर्तव्यों को निभाने पर जोर दिया. उन्होंने संविधान निर्माण में महिलाओं के योगदान को गर्वपूर्वक याद किया और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए इसे विकास की ओर अग्रसर बताया.
कुलपति ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, डिजिटल मार्केटिंग, बायोटेक, गिटार और कथक जैसे नए कोर्स की शुरुआत और उनकी प्रगतिशीलता पर भी चर्चा की. उन्होंने सबर जनजाति की छात्राओं के लिए इतिहास (ऑनर्स) में नि:शुल्क शिक्षा और छात्रावास की सुविधाओं को विश्वविद्यालय की एक अनूठी पहल बताया.
छात्राओं की सफलता और सम्मान
कुलपति ने गर्व के साथ बताया कि 2025 में चांदमणि प्रधान और हेमंती पातर का चयन नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ है. इसके अलावा, अनमोल परी मिश्रा को यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम भूटान के लिए चुना गया.
द्वितीय दीक्षांत समारोह में अर्थशास्त्र की शिक्षिका स्वर्गीय रेखा झा के सम्मान में अर्थशास्त्र टॉपर छात्रा को स्वर्ण पदक और एक लाख रुपये की राशि से सम्मानित करने की घोषणा की गई.
सांस्कृतिक कार्यक्रम: विविधता और देशभक्ति का संगम
कार्यक्रम की शुरुआत संगीत विभाग द्वारा पारंपरिक गायन से हुई. मास कम्युनिकेशन की छात्राओं ने नृत्य के माध्यम से तिरंगे के गौरव को प्रस्तुत किया. हॉस्टल की छात्राओं ने भीमराव अंबेडकर के योगदान पर आधारित एक सजीव नाटक प्रस्तुत किया.
बी.एड की छात्राओं ने भगत सिंह और महात्मा गांधी के संघर्षों पर आधारित लघु नाटिका का प्रदर्शन किया. इसके बाद नारी सशक्तिकरण पर नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को प्रेरित किया. एनसीसी छात्राओं ने सरहद पर तैनात जवानों के बलिदान पर एक सजीव अभिनय प्रस्तुत किया.
सम्मान और समापन
38वें अखिल भारतीय विश्वविद्यालय युवा महोत्सव के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया. अंग्रेज़ी विभाग की बिंगसती दत्ता को कथक नृत्य, नेहा कुमारी को योगा और तनुश्री दत्ता को कराटे के लिए कुलपति द्वारा सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत के गायन और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत माहौल के साथ हुआ. मंच संचालन श्रेया गुहा और अनमोल परी मिश्रा ने किया.
उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. किश्वर आरा, कुलसचिव राजेंद्र जायसवाल, डॉ. सुधीर कुमार साहू, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. रमा सुब्रह्मण्यम, डॉ. अन्नपूर्णा झा, डॉ. सलोमी कुजूर, डॉ. रत्ना मित्रा, डॉ. रिजवाना परवीन और सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur: चेंबर भवन में 76वें गणतंत्र दिवस का आयोजन, तिरंगे के साथ विकास का संकल्प
There is no ads to display, Please add some



















































