पोटका : भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व पोटका प्रखंड में शुक्रवार को हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाया गया। श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर प्रेम और विश्वास की डोर राखी बांधी तथा भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान बहनों ने विधि-विधान से भाइयों की आरती उतारी, तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं। भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार देकर जीवनभर उनकी रक्षा और हर सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लिया।
बहनों ने कहा कि भाई उनके लिए केवल परिवार का सदस्य नहीं, बल्कि जीवन के हर कठिन दौर में ढाल बनकर खड़े रहने वाला सबसे मजबूत सहारा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनके भाइयों की उम्र लंबी हो और परिवार में हमेशा सुख, शांति एवं समृद्धि बनी रहे।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका के जिला परिषद सदस्य पर हमला करने वालों पर कार्रवाई की मांग, भाजपा ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम



















































