बहरागोड़ा: बहरागोड़ा बाजार क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर पुलिस प्रशासन ने सघन अभियान चलाया। थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस बल ने बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर सड़क पर अतिक्रमण कर रहे दुकानदारों को फटकार लगाई।
अभियान के दौरान दुकानदारों द्वारा दुकान के सामान को सड़क पर फैलाकर रखने की शिकायतों की पुष्टि हुई। थाना प्रभारी ने मौके पर ही सख्त निर्देश देते हुए दुकानदारों को तत्काल अपना सामान हटाने का आदेश दिया।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट रूप से कहा, “यदि भविष्य में सड़क पर दोबारा अतिक्रमण किया गया, तो संबंधित दुकानदारों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने बाजार क्षेत्र की व्यवस्था को बनाए रखने के लिए व्यवसायियों से सहयोग की अपील भी की।
प्रशासन ने यह भी आदेश जारी किया कि सुबह 8:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक बाजार क्षेत्र में किसी भी बड़े वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान यदि कोई भारी वाहन बाजार में प्रवेश करता है, तो उसके विरुद्ध भी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
थाना प्रभारी ने कहा कि यह कदम आमजन की सुविधा, यातायात व्यवस्था की सुगमता और दुर्घटनाओं से बचाव को ध्यान में रखकर उठाया गया है। उन्होंने कहा, “बाजार की व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
इसे भी पढ़ें : Bahragora: NGT की रोक के बावजूद धड़ल्ले से चल रहा बालू कारोबार!, पुलिस ने दर्ज किया मामला
There is no ads to display, Please add some


















































